श्रीगंगानगर
जिले के सूरतगढ़ इलाके में शनिवार सुबह स्लीपर कोच बस और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इन्हें आसपास के लोगों ने सूरतगढ़ के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया जहां इनका इलाज चल रहा है। बस अहमदाबाद से श्रीगंगानगर आ रही थी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से डैमेज हो गए और ड्राइवर घायल हो गए। हालांकि बस सवार अन्य लोगों में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ है।
ऐसे हुआ हादसा
अहमदाबाद से रवाना हुई स्लीपर कोच बस यात्रियों को लेकर श्रीगंगानगर जा रही थी। लंबी दूरी तय करके इसे दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे श्रीगंगानगर पहुंचना था। सुबह दस बजे तक इलाके में ओस छाए रहने से सूरतगढ़ क्षेत्र में वाहनों की स्पीड काफी कम थी। इसी दौरान बस का ड्राइवर सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख पाया। ट्रक बीकानेर की तरफ जा रहा था जबकि बस को श्रीगंगानगर जाना था। टक्कर होते ही बस में चीख पुकार मच गई। खेतों में काम कर रहे लोगों ने घायलों को संभाला और सूरतगढ़ के अस्पताल रवाना किया। दोनों ड्राइवरों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें ट्रोमा सेंटर भिजवाया गया।
ये हुए हैं घायल
हादसे में हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला का मैनपाल, श्रीगंगानगर जिले के नाइयांवाली की रहने वाली सुजाता, हनुमानगढ़ का तरुण वर्मा, भिवानी निवासी हितेश, पंजाब के गुमजाल निवासी सुरेश, जोधपुर का अजीत सिंह, हनुमानगढ़ जिले के फतेहगढ़ निवासी अनुसुइया, मुम्बई के मलाड़ निवासी अनुषा कौशिक, बस चालक बाड़मेर के गुड़ामलानी थाना क्षेत्र के अणखिया निवासी हनुमानराम, श्रीगंगानगर जिले के छह ई छोटी निवासी रवींद्र कुमार गौतम, हनुमानगढ़ के संगरिया निवासी विनोद पुत्र वेदप्रकाश, हनुमानगढ़ टाउन की इंदिरा शामिल हैं।