बीच बाजार स्थित चौक में चूल्हे पर रोटी-चाय बनाकर महंगाई के खिलाफ दर्ज कराया विरोध
by seemasandesh
महंगाई-पेट्रो पदार्थांे के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का महाभियान शुरू, महिला कांग्रेस कमेटी कार्यकतार्ओं ने दिया इन्द्रा चौक पर धरना, यूथ कांग्रेस, अन्य विभाग व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी रहे मौजूद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ राजस्थान में कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतर आई है। इसके तहत केन्द्र सरकार के खिलाफ बुधवार से कांग्रेस पार्टी का प्रदेश स्तरीय महाभियान शुरू हो गया। 17 जुलाई तक चलने वाले महाभियान का आगाज बुधवार को जिला मुख्यालय पर टाउन शहर के बीच बाजार स्थित इन्द्रा चौक में चूल्हे पर रोटी बनाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के साथ हुआ। महिला कांग्रेस कमेटी कार्यकतार्ओं ने इन्द्रा चौक पर धरना भी दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस, अन्य विभाग व प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। चौक में आशियाने के नीचे हुए कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष प्रवीणा मेघवाल के नेतृत्व में कार्यकतार्ओं ने खाली गैस सिलेंडर रखकर लकडिय़ां जलाकर चूल्हे पर रोटियां व चाय बनाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। थालियां बजाते हुए केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर प्रवीणा मेघवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की गई है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व खाद्य पदार्थांे के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई भी लगातार बढ़ रही है। लेकिन इससे राहत दिलाने के लिए केन्द्र सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। प्रो. सुमन चावला ने कहा कि आज के विरोध-प्रदर्शन के जरिए यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि आज घरों में गैस चूल्हा जलाने के लिए गैस सिलेंडर नहीं भरवाए जा रहे। क्योंकि लगातार दाम बढ?े से लोग गैस सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे। उन्हें मजबूरन चूल्हे पर रोटी बनानी पड़ रही है। केन्द्र सरकार चाहती है कि हम वापस 19वीं सदी में चले जाएं। मंदी का भी दौर है। दुकानदार दुकानों पर खाली बैठे हैं। मुश्किल से रोटी बन रही है। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी से महंगाई और बढ़ रही है। केन्द्र सरकार हर तरफ से जनता को शिकंजे में फंसा रही है। यह सिर्फ कॉरपोरेट घरानों को फायदा देने के लिए किया जा रहा है। इसलिए तेल-दालों की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। महंगाई ने आम आदमी को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना छोड़ आम जनता के बारे में सोचे, क्योंकि वोट उसी ने देने हैं। निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत सिंह चन्दड़ा ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के समय देश में कमरतोड़ महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस ही नहीं अन्य वस्तुओं की कीमतें भी आज डेढ़ गुना या दोगुनी हो गई हैं। इस कारण आम आदमी के घर के खर्चे इतने बढ़ गए हैं कि दो वक्त की रोटी का प्रबंध करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि आज चूल्हे पर रोटियां व चाय बनाकर केन्द्र सरकार को चेताने का प्रयास किया गया कि जो गैस सिलेंडर मुफ्त में बांटे गए थे वह खाली पड़े हैं। आम आदमी के पास सिलेंडरों में गैस भरवाने के लिए पैसे नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने विरोध-प्रदर्शन के जरिए पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस तथा खाद्य पदार्थांे के दामों में कमी करने तथा महंगाई पर अंकुश लगा जनता को राहत पहुंचाने की मांग की। पंचायत समिति प्रधान इन्द्रा जाखड़, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, उपप्रधान शारदा चौधरी, प्रमिला सोनी, मंजू रणवां, सुशीला खीचड़, संतोष कंडा, रणजीत कौर, डीसीसी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, मनीष धारणिया, नगर परिषद उपसभापति अनिल खीचड़, पार्षद मदन बाघला, मनोज सैनी, राजेन्द्र शर्मा, तरुण विजय, जाकिर कायमखानी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक कुलडिय़ा, मनोज बड़सीवाल, विक्की बराड़, कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन रामेश्वर चांवरिया, सुखदेव सिंह, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, दयाराम जाखड़, वरिष्ठ व्यापारी घनश्याम भादू, अश्वनी शर्मा, मुकेश भार्गव, जिला खाद्य व्यापार संघ अध्यक्ष कृष्ण जैन, जिला परिषद डायरेक्टर मनीष गोदारा, सरपंच रोहित स्वामी, फूलसिंह, बलराज सिंह, नवीन मिड्ढा सहित कई अन्य कार्यकर्ता महंगाई के खिलाफ किए गए विरोध-प्रदर्शन में शामिल रहे। सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर उड़ी धज्जियां महंगाई के खिलाफ बुधवार को टाउन के इन्द्रा चौक पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता कोविड प्रोटोकॉल की पालना करना भूल गए। कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की पूरी तरह से धज्जियां उड़ी। एक-दूसरे से दो गज की दूरी की बजाय कार्यकर्ता चिपकर बैठे नजर आए। साथ ही कइयों ने मास्क नहीं पहना था। कहने को कइयों ने मास्क तो लगा रखा था लेकिन मुंह से नीचे। यह सब तब हुआ जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और प्रदेश के मुख्यमंत्री संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए कोविड प्रोटोकॉल की पालना करने की कई बार अपील कर चुके हैं। कांग्रेस सरकार के प्रदेश आह्वान पर ही बुधवार को कार्यक्रम किया गया। लेकिन इन्हें कोई रोकने-टोकने वाला नहीं था। आज से पेट्रोल पम्पों पर चलेगा हस्ताक्षर अभियान महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से 7 जुलाई से 17 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय महाभियान चलाया जा रहा है। महाभियान के दूसरे दिन गुरुवार को जंक्शन स्थित कुमार पेट्रोल पम्प पर विधायक चौधरी विनोद कुमार के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। अभियान के तहत सभी पेट्रोल पम्पों पर कांग्रेस कार्यकतार्ओं की ओर से महंगाई, पेट्रो पदार्थांे व रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ आमजन से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। बाद में हस्ताक्षरयुक्त कागज जयपुर भेजे जाएंगे। वहां से महंगाई को कम करने के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। महाभियान की कड़ी में 16 जुलाई को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस कमेटी जयपुर में केन्द्र सरकार के विरूद्ध प्रदेश स्तरीय मार्च निकाला जाएगा।