Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लॉ स्टूडेंट का मोबाइल झपट कर भागते दो युवकों को लोगों ने दबोचा, चोरी के मोटरसाइकिल पर अंजाम दी वारदात

कुछ दिन पहले ही आए हैं जेल से छूट कर
श्रीगंगानगर।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना इलाका में सुखवंत पैलेस के समीप हरी भवन के सामने कल रात मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक एक लाख स्टूडेंट युवती का मोबाइल फोन छीन कर भागते हुए पकड़े गए। पकड़े गए युवकों का मोटरसाइकिल भी चुराया हुआ निकला। दोनों पर पुलिस ने ला स्टूडेंट मधु जाट (23) पुत्री अमरदीपसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट पर लूट का मामला दर्ज किया है।यह युवक कुछ दिन पहले ही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों में पकड़े जाने पर जमानत पर जेल से छूट कर आए हैं।
पुलिस ने बताया कि कल रात्रि 8:45 बजे पुरानी आबादी के वार्ड नंबर 9/10 में हरी भवन के सामने रिक्शा पर जा रही मधु जाट ने बहन मनप्रीत को कॉल करने के लिए पेंट की जेब से मोबाइल निकाला ही था कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने झपट्टा मार दिया। युवक भागने लगे तो उन्हें मौका नहीं मिला।मधु ने शोर मचा दिया। भागते हुए दोनों युवकों को वहीं खड़े नवल किशोर, सीएलजी सदस्य संजय अरोड़ा तथा केवल कृष्ण आदि ने पकड़ लिया। पकड़े गए यह युवक हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र में सीमावर्ती चक 4 सी (बड़ी) औडकी निवासी पवन (19) पुत्र श्रवण और राजेश (20)पुत्र भैराराम हैं। मधु जाट द्वारा की गई रिपोर्ट के आधार पर देर रात को इन पर धारा 392 के तहत लूट का मामला दर्ज किया गया।
जांच कर रहे एएसआई सुभाष मीणा ने बताया कि यह युवक लगभग 2 महीने पहले कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए थे।उनके साथ कुछ और युवकों को भी पकड़ा गया था। इस गिरोह की निशानदेही पर कोतवाली पुलिस ने चोरी के 10-12 मोटरसाइकिल बरामद किए थे। पवन और राजेश की कुछ दिनों बाद ही जमानत हो गई। जेल से बाहर आते ही फिर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें करने लगे। दोनों नशा करने के आदी हैं। कल रात जिस मोटरसाइकिल पर यह युवक सवार थे, उसे विगत 4 सितंबर को केंद्रीय बस अड्डा के सामने से चोरी किया गया था। इस संबंध में कोतवाली में मामला दर्ज बताया जाता है। दोनों को आज अदालत में पेश करने पर चोरी और लूटपाट की दूसरी घटनाओं के बारे में पूछताछ करने के लिए रिमांड मिला है।
परिवादी मधु जाट मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले में सफीदों थाना अंतर्गत पातला गांव की निवासी है,जो यहां लॉ स्टूडेंट है। पुरानी आबादी में वह किराए के मकान में रहती है। पुलिस के मुताबिक मधु कल जींद से इंटरसिटी एक्सप्रेस द्वारा श्रीगंगानगर आई थी। रात्रि 8:30 बजे ट्रेन यहां पहुंचने पर रिक्शा से अपने किराए के मकान में जा रही थी, तभी रास्ते में यह घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *