हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत कोहला के महात्मा गांधी अंग्रेजी राजकीय विद्यालय के खेल मैदान में प्रस्तावित ओवरहेड टैंक के निर्माण का विरोध कर रहे गांव के युवाओं ने बुधवार को ग्राम पंचायत कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। असल में गांव के कुछ युवा अपनी मांग के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपने ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे थे लेकिन वीडीओ के न मिलने पर उनमें आक्रोश फैल गया और उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन को कार्यालय की दीवार पर चस्पा कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने इस संबंध में मंगलवार को ही जिला कलक्टर को भी ज्ञापन सौंप खेल मैदान में पानी की टंकी का निर्माण नहीं करवाने की मांग की थी। इस मौके पर दिनेश कुमार ने बताया कि गांव कोहला में महात्मा गांधी अंग्रेजी राजकीय विद्यालय के सामने स्कूल का एकमात्र खेल मैदान है।